बाईपास तैयार होने के बाद पटना और औरंगाबाद की ओर आने-जाने वाले वाहनों को दाउदनगर शहर के बीच से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे खास तौर पर भखरुआ चौक पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है और शहर के लोगों को आवागमन में राहत मिल सकती है।
भखरुआ चौक के पूरब से गुजरेगा रूट
प्रस्तावित बाईपास दाउदनगर-पटना मार्ग पर बीएड कॉलेज के पास एनएच-139 से शुरू होगा। इसके बाद यह औरंगाबाद की दिशा में आगे बढ़ते हुए नासरीगंज रोड ओवरब्रिज के पास दोबारा एनएच-139 से जुड़ेगा। बाईपास में एनएच-120 के ऊपर ओवरब्रिज का भी प्रावधान किया गया है।
जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी
परियोजना के लिए करीब 29.08 हेक्टेयर जमीन की जरूरत है। अमौना, सिपहा, नीमा, अंकोरहा समेत आठ मौजों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए प्रशासन की ओर से टीम गठित की गई है और प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी किया जा चुका है।
टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में
बाईपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है। प्रशासन भूमि अधिग्रहण का काम जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहा है, ताकि निर्माण शुरू करने में देरी न हो। परियोजना पूरी होने के बाद दाउदनगर शहर के भीतर भारी यातायात का दबाव कम होने और पटना-औरंगाबाद मार्ग पर सफर आसान होने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment