यूपी में बनेगा IT सदन! एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सेवाएं, सरकार की बड़ी तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आईटी और इलेक्ट्रानिक्स क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार IT सदन बनाने की तैयारी कर रही है। केंद्र सरकार के इलेक्ट्रानिक्स निकेतन की तर्ज पर प्रस्तावित इस भवन में आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स से जुड़े विभागों और संस्थाओं के कार्यालय एक ही जगह लाने की योजना है। इसके लिए करीब 50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है और उपयुक्त जमीन की तलाश शुरू हो चुकी है।

एक जगह से होगा कामकाज

अभी आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग से जुड़ी कई संस्थाएं अलग-अलग भवनों से संचालित हो रही हैं। यूपीसीएल, यूपी डेस्को, श्रीट्रान, एआई मिशन और स्टार्टअप मिशन समेत कई संस्थाओं का काम बढ़ने के साथ विभाग का दायरा भी विस्तृत हुआ है। प्रस्तावित IT सदन में प्रमुख सचिव से लेकर संबंधित संस्थाओं के प्रबंध निदेशकों तक के कार्यालय एक ही परिसर में रखने की योजना है।

AI और स्टार्टअप पर बढ़ रहा फोकस

प्रदेश में डाटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप, इंक्यूबेशन सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसे क्षेत्रों में गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। निवेशकों के साथ लगातार बैठकें भी हो रही हैं। ऐसे में विभाग को एक समर्पित कार्यालय मिलने से योजनाओं की निगरानी और आपसी समन्वय को आसान बनाने की उम्मीद है।

चक गंजरिया समेत कई जगहों पर जमीन देखी

आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने 11 सितंबर को एलडीए उपाध्यक्ष के साथ संभावित स्थलों का निरीक्षण किया था। चक गंजरिया के पास की जमीन को भी विकल्प के तौर पर देखा गया है। इसके अलावा राजाजीपुरम और सरोजनीनगर में बंद हो चुकी अपट्रान की खाली जमीनों पर भी विचार किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि उपयुक्त भूमि मिलने के बाद IT सदन के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

0 comments:

Post a Comment