आज राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मथुरा में तो तड़के जोरदार बारिश भी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट आई हैं।
शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर राज्य के अन्य हिस्सों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक, अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के मिलन से यह बदलाव आ रहा है। इन हवाओं का प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होते हुए राजधानी लखनऊ और अन्य हिस्सों तक पहुंच सकता है।
इसके अलावा, कुछ जिलों में तेज हवा और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है, जिससे किसानों को फसलों के नुकसान का डर भी हो सकता है। यह मौसम बदलाव पूरी तरह से पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण हुआ है, जो आमतौर पर इस समय के मौसम में आने वाले साल के अंत में सक्रिय हो जाते हैं। इस तरह की स्थितियां प्रदेश के मौसम को ठंडा और गीला कर देती हैं।
0 comments:
Post a Comment