योगी सरकार का बड़ा फैसला: 15 जिलों में नए डीएम की तैनाती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए राज्य की नौकरशाही में व्यापक फेरबदल किया है। देर रात जारी तबादला सूची में एक साथ 40 आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इस बड़े फेरबदल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि 15 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदल दिया गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव

सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद कई अहम जिलों की जिम्मेदारी नए अधिकारियों को सौंपी गई है। यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और जिलों में विकास कार्यों की गति को तेज करने के उद्देश्य से लिया गया माना जा रहा है।

15 जिलों को मिले नए डीएम

तबादला सूची के अनुसार राज्य के कई प्रमुख जिलों में नए जिलाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें आगरा, रायबरेली, सुल्तानपुर, बुलंदशहर और लखीमपुर खीरी जैसे महत्वपूर्ण जिले शामिल हैं।

आगरा जिले में अब मनीष बंसल नए जिलाधिकारी होंगे, जबकि मौजूदा डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि रायबरेली में सरनीत कौर ब्रोका को नया डीएम बनाया गया है। 

सुल्तानपुर की जिम्मेदारी इंद्रजीत सिंह को दी गई है, जबकि बुलंदशहर में कुमार हर्ष को नियुक्त किया गया है। वहीं, लखीमपुर खीरी में अंजनी कुमार सिंह को नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जो पहले मैनपुरी में तैनात थे।

कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

इस फेरबदल में केवल जिलों के डीएम ही नहीं बदले गए, बल्कि कई वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य स्तर पर नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। लखीमपुर खीरी की डीएम रहीं दुर्गा शक्ति नागपाल को पदोन्नत करते हुए देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है। इसी तरह परिवहन विभाग में भी बदलाव किया गया है, जहां किंजल सिंह को सचिव माध्यमिक शिक्षा का दायित्व दिया गया है। वहीं प्रतीक्षारत आईएएस आशुतोष निरंजन को परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक सुधार की दिशा में कदम

सरकार का यह कदम राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नए अधिकारियों की तैनाती से जिलों में विकास कार्यों की निगरानी बेहतर होगी और योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से होगा।

0 comments:

Post a Comment