क्यों खास है यह फोरलेन सड़क?
यह परियोजना मौजूदा दो-लेन सड़क को फोरलेन में बदलने पर आधारित है। खास बात यह है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिरिक्त निजी जमीन अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि दोनों ओर पर्याप्त सरकारी भूमि पहले से उपलब्ध है। इससे परियोजना तेजी से पूरी होने की उम्मीद है।
भारी वाहनों को मिलेगा बड़ा फायदा
अब तक पूर्वांचल से आने वाले भारी वाहन लखनऊ और बाराबंकी शहर के भीतर से गुजरते थे, जहां नो-एंट्री और ट्रैफिक जाम के कारण घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस नए आउटर फोरलेन के बनने से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना सीधा वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, समय और ईंधन की बचत होगी।
औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा बूस्ट
यह सड़क कुर्सी, देवा और चिनहट जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को सीधे जोड़ने का काम करेगी। साथ ही किसान पथ से कनेक्ट होकर यह मार्ग व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिए बेहद अहम साबित होगा। इससे उद्योगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी।
इन जिलों को होगा सीधा लाभ
इस परियोजना से लखनऊ, बाराबंकी के अलावा सीतापुर, लखीमपुर, बरेली, पीलीभीत और बहराइच जैसे जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। पूर्वांचल से आने-जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग एक वैकल्पिक और तेज विकल्प बनकर उभरेगा।
0 comments:
Post a Comment