पिछले दिनों कैसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन गर्मी का असर काफी तेज देखने को मिला। रोहतास के डेहरी इलाके में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं कई जिलों में तापमान 31 से 43 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही मेघ गर्जन और बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है।
तापमान में हल्की गिरावट की उम्मीद
आज के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 22 अप्रैल को फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। 23 अप्रैल को फिर से कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। सबसे ज्यादा बदलाव 24 से 26 अप्रैल के बीच देखने को मिल सकता है, जब राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश होने के संकेत हैं। इससे गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और मौसम काफी सुहावना हो सकता है।

0 comments:
Post a Comment