यूपी में 63 KM का एक्सप्रेस-वे तैयार, इन जिलों के लिए खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज हो रही है और इसी कड़ी में राज्य को एक और बड़ी सौगात मिली है। लखनऊ और कानपुर के बीच 63 किलोमीटर लंबा नया एक्सप्रेसवे तैयार किया गया है, जिससे दोनों प्रमुख शहरों के बीच यात्रा अब पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम हो जाएगी।

सफर का समय होगा आधा से भी कम

अभी तक लखनऊ से कानपुर जाने में यात्रियों को उन्नाव के रास्ते भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। लगभग 70 से 80 किलोमीटर की दूरी तय करने में सामान्यतः ढाई से तीन घंटे लगते हैं, जबकि जाम की स्थिति में यह समय 5 से 6 घंटे तक भी पहुंच जाता है। नए एक्सप्रेसवे के बनने के बाद यह सफर अब एक घंटे से भी कम समय में पूरा किया जा सकेगा।

120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार

इस एक्सप्रेसवे को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। हालांकि, केवल चार पहिया वाहन ही इस मार्ग का उपयोग कर सकेंगे, जबकि बाइक और ऑटो जैसे छोटे वाहन इस पर प्रतिबंधित रहेंगे। इस मार्ग का लगभग 18 किलोमीटर हिस्सा ऊंचा बनाया गया है, जिससे यातायात और भी सुचारू रहेगा।

यह है नया ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट

यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह नए रूट पर बनाया गया है, जिसे ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट कहा जाता है। यह कानपुर के आजाद चौराहा से शुरू होकर उन्नाव के कई गांवों से गुजरता हुआ लखनऊ के बनी बंथरा क्षेत्र तक पहुंचता है।

चार टोल प्लाजा की व्यवस्था

इस एक्सप्रेसवे पर कुल चार टोल प्लाजा बनाए गए हैं। कार से एक तरफ यात्रा करने पर लगभग 275 रुपये का टोल देना होगा, जबकि 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर कुल टोल लगभग 415 रुपये तक होगा।

0 comments:

Post a Comment