बिहार में बिछी नई रेल लाइन, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। राज्य के कई जिलों को जोड़ने वाली नई रेल लाइन का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

18.2 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन तैयार

पटना के पास नेउरा से जट डुमरी के बीच लगभग 18.2 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई गई है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा और लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

विद्युतीकरण कार्य अंतिम चरण में

रेल परियोजना में लगभग 95 प्रतिशत विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। अब केवल अंतिम तकनीकी कार्य शेष हैं, जिनके बाद इसे संचालन के लिए तैयार किया जाएगा। रेलवे सुरक्षा आयुक्त की टीम मई महीने में इस लाइन का निरीक्षण करेगी। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद जून से इस रूट पर ट्रेनों के संचालन की संभावना जताई जा रही है।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

नई रेल लाइन शुरू होने से बिहटा, दानापुर और मनेर जैसे क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। गयाजी रूट तक पहुंचना आसान होगा, राजगीर और दनियावां जैसे क्षेत्रों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, लोकल यात्रियों को समय और खर्च दोनों में बचत होगी। 

रेल संचालन में आएगी लचीलापन

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई लाइन से न केवल यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि ट्रैफिक मैनेजमेंट भी बेहतर होगा। जट डुमरी जंक्शन पर कई ट्रेनों का ठहराव प्रस्तावित है, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे। साथ ही यदि मुख्य मार्ग बाधित होता है तो वैकल्पिक रूट के रूप में इस लाइन का उपयोग किया जा सकेगा।

स्थानीय विकास को भी बढ़ावा

इस रेल परियोजना से आसपास के गांवों और कस्बों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। व्यापार, रोजगार और आवागमन में सुधार के साथ क्षेत्रीय विकास की गति तेज होने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment