सीएम सम्राट ने दी खुशखबरी! बिहार के किसानों के लिए हुआ बड़ा ऐलान

पटना। बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण धान की फसल खेतों में गिर गई है। इसके अलावा केला और सब्जियों की खेती को भी नुकसान पहुंचा है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार धान के उत्पादन में 10 से 15 फीसदी तक की गिरावट आने की आशंका है।

किसानों को सरकार देगी मुआवजा

फसल बर्बादी से परेशान किसानों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बारिश से प्रभावित किसानों को राज्य सरकार मुआवजा देगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं।

धान उत्पादन पर पड़ सकता है असर

बेमौसम बारिश से तैयार धान की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ खेतों में खड़ी फसल भी खराब हुई है। कृषि वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि इससे धान उत्पादन में कमी आ सकती है। वहीं, खराब मौसम के कारण दलहन, तिलहन और अन्य रबी फसलों की बुआई में भी देरी होने की संभावना है।

ऐसे में सरकार की मुआवजा घोषणा से प्रभावित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, किसानों को कितनी राशि मिलेगी और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया क्या होगी, इसकी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

0 comments:

Post a Comment