बिहार में सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! स्कूलों में ड्रेस कोड लागू

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के पहनावे को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अब विद्यालय और कार्यालय में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों को औपचारिक कपड़े पहनकर आना होगा। जींस और टी-शर्ट जैसे अनौपचारिक परिधानों पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

स्कूलों में अनुशासन पर जोर

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को आदेश के अनुपालन के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि स्कूलों में शालीनता और पढ़ाई के अनुकूल माहौल बनाए रखना जरूरी है। पहले भी इस संबंध में निर्देश दिए गए थे, लेकिन कुछ जगहों पर उनका पालन नहीं हो रहा था।

डिस्को जैसी गतिविधियों पर सख्ती

विभाग ने विद्यालय परिसरों में डीजे, डिस्को और अनुचित गतिविधियों को लेकर भी आपत्ति जताई है। ऐसी गतिविधियों से स्कूल का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित नहीं होना चाहिए। हालांकि, शिक्षा कैलेंडर में शामिल विशेष अवसरों पर नृत्य और संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे, बशर्ते वे मर्यादित और अनुशासित हों।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। इसका उद्देश्य विद्यालयों में अनुशासन और गरिमापूर्ण माहौल बनाए रखना है। ऐसे में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर जाने से पहले निर्धारित औपचारिक परिधान संबंधी निर्देशों का ध्यान रखना होगा।

0 comments:

Post a Comment