वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि शिक्षकों की पदोन्नति से पहले अंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित करना जरूरी है। इसके बाद निर्धारित नियमों के आधार पर पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की सूची तैयार की जाए।
कई जिलों में काम अधूरा होने पर नाराजगी
परिषद को जानकारी मिली थी कि कई जिलों में शिक्षकों की अद्यतन वरिष्ठता सूची अभी तक तैयार नहीं हुई है। इस पर परिषद ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है। साथ ही स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन करते हुए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएं।
7 नवंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया
परिषद ने निर्देश दिया है कि अंतिम वरिष्ठता सूची के प्रकाशन से लेकर पात्रता सूची तैयार करने और पदोन्नति की कार्यवाही तक का काम 7 नवंबर तक पूरा किया जाए। आदेश की प्रतियां शासन के संबंधित अधिकारियों, महानिदेशक स्कूल शिक्षा और अन्य विभागीय अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
इस निर्देश से प्रदेश के उन बेसिक शिक्षकों को उम्मीद जगी है, जो लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जिलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पदोन्नति की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है।

0 comments:
Post a Comment