रोज खाएं अंडा, लेकिन कितने? जानिए सही मात्रा

हेल्थ डेस्क। अंडा, जिसे प्रोटीन का सस्ता और संपूर्ण स्रोत माना जाता है, एक आम लेकिन अहम खाद्य सामग्री है। बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक, हर उम्र के लोगों के लिए अंडा पोषण का खज़ाना है। लेकिन अक्सर एक सवाल उठता है की "रोज़ कितने अंडे खाए जाएं?" क्या ज्यादा अंडा खाना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है? आइए जानते हैं विशेषज्ञों की राय।

अंडे में क्या होता है खास?

एक अंडे में लगभग 6-7 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन होता है। इसके अलावा यह विटामिन A, D, B12, राइबोफ्लेविन, फोलेट, फास्फोरस, और सेलेनियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। अंडे की जर्दी (पीला भाग) में कोलेस्ट्रॉल जरूर होता है, लेकिन नई रिसर्च के मुताबिक, यह शरीर के लिए उतना हानिकारक नहीं जितना पहले समझा जाता था।

रोज़ कितने अंडे खाना है सुरक्षित?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एक सामान्य स्वस्थ व्यक्ति रोज़ाना 1 से 2 अंडे खा सकता है। यह मात्रा व्यक्ति की उम्र, शारीरिक गतिविधि, स्वास्थ्य स्थिति और डाइट के अन्य हिस्सों पर भी निर्भर करती है। बच्चे (5-12 वर्ष): 1 अंडा रोज़, किशोर (13-18 वर्ष): 1-2 अंडे, वयस्क (18-60 वर्ष): 1-2 अंडे रोज़, बॉडीबिल्डर या एथलीट: 3-6 अंडे तक, लेकिन डाइटिशियन की सलाह से।

क्या रोज़ अंडा खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है?

पुरानी मान्यता थी कि अंडे का पीला हिस्सा कोलेस्ट्रॉल बढ़ाता है, लेकिन हाल की स्टडीज़ बताती हैं कि अंडे से मिलने वाला डाइटरी कोलेस्ट्रॉल शरीर के खून में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बहुत अधिक प्रभावित नहीं करता, खासकर अगर आप संतुलित आहार लेते हैं और सक्रिय जीवनशैली अपनाते हैं।

कैसे खाएं अंडा, उबला, ऑमलेट या फ्राई?

स्वस्थ विकल्पों में उबला अंडा सबसे ऊपर आता है। फ्राइड अंडे या ज्यादा तेल-मसाले में बने अंडे से वसा की मात्रा बढ़ सकती है। इसलिए उबले या हल्के तेल में बनाए गए अंडे बेहतर माने जाते हैं।

0 comments:

Post a Comment