पार्टी का कहना है कि अगर राज्य में AIADMK के नेतृत्व में सरकार बनती है तो जनता को सीधे आर्थिक राहत देने पर जोर रहेगा। बीजेपी इस बार तमिलनाडु में AIADMK के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है और लंबे समय से दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।
महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये और एकमुश्त सहायता
घोषणापत्र में सबसे प्रमुख वादा महिलाओं के लिए है। बीजेपी ने कहा है कि हर महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा परिवारों को एक बार में 10,000 रुपये की आर्थिक मदद देने की भी योजना है। साथ ही, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 50 लाख रुपये तक का बिना ब्याज लोन देने का प्रस्ताव रखा गया है। महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपये की सहायता देने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का वादा
कानून व्यवस्था को लेकर भी घोषणापत्र में कई सख्त प्रस्ताव रखे गए हैं। बीजेपी ने ‘जीरो FIR’ सिस्टम लागू करने, गंभीर अपराधों के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतें बनाने और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का वादा किया है। इसके अलावा, बसों, स्कूलों और कॉलेजों में CCTV कैमरे लगाने की योजना भी शामिल है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी मजबूत की जा सके।
हर परिवार को मिलेगा फ्री गैस सिलेंडर
घरेलू खर्चों को कम करने के लिए पार्टी ने हर साल एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया है। इसे खासकर मध्यम वर्ग और ग्रामीण परिवारों को राहत देने वाला कदम बताया जा रहा है।
किसानों के लिए अतिरिक्त सहायता
किसानों को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अलावा सालाना 3,000 रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की गई है। इससे किसानों को कुल 9,000 रुपये सालाना सहायता मिलने की बात कही गई है।

0 comments:
Post a Comment