यूपी में विकसित होंगे नए औद्योगिक क्षेत्र, 2 जिलों के लिए खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है। राज्य के गोरखपुर और बांदा जिले में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी दे दी गई है। अब प्रस्तावों को केंद्र सरकार की राष्ट्रीय स्तरीय संचालन समिति की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

गोरखपुर में 120 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल एरिया

गोरखपुर के धुरियापार में 120 एकड़ जमीन पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इस परियोजना पर करीब 102.35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यहां औद्योगिक प्लॉट, फ्लैटेड फैक्ट्री, गोदाम और कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे नए उद्योगों को स्थापित करने में मदद मिलेगी।

बांदा में 379 करोड़ रुपये की परियोजना

बांदा जिले में 310.27 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) का दूसरा चरण विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 378.82 करोड़ रुपये है। इसके तहत औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के साथ वाणिज्यिक, आवासीय तथा सामाजिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। जलापूर्ति, सीवेज ट्रीटमेंट, बिजली उपकेंद्र और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।

रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य प्रदेश में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करना है। नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिल सकता है और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। हालांकि, परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की अंतिम स्वीकृति जरूरी होगी।

0 comments:

Post a Comment