बड़ी खबर! 6 राज्यों में बदले राज्यपाल, जानिए किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी

नई दिल्ली। देश के छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इस फेरबदल के तहत तमिलनाडु, केरलम, सिक्किम, ओडिशा, कर्नाटक और उत्तराखंड को नए राज्यपाल मिले हैं। इन नियुक्तियों में अनुभवी नेताओं को अलग-अलग राज्यों की संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

किस राज्य में किसे बनाया गया राज्यपाल?

नई नियुक्तियों के अनुसार, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया गया है। इससे पहले वह केरलम के राज्यपाल थे और तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। 

वहीं, सिक्किम के राज्यपाल रहे ओम प्रकाश माथुर अब केरलम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। 

झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। 

इसी तरह पूर्व सांसद सुधा यादव को कर्नाटक और मध्य प्रदेश के पूर्व सांसद ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया है।

अनुभवी नेताओं को मिली जिम्मेदारी

इस फेरबदल में राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव रखने वाले नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। ओम प्रकाश माथुर राजस्थान से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं, जबकि सुधा यादव राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के बालाघाट से लोकसभा सांसद रहे हैं। दुष्यंत गौतम भाजपा संगठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह बिहार और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का दायित्व भी संभाल चुके हैं। राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के मुताबिक, सभी नई नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।

0 comments:

Post a Comment