भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक और सकारात्मक संकेत सामने आया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा शुक्रवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) में लगातार आठवें सप्ताह वृद्धि दर्ज की गई है। 25 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में देश का फॉरेक्स रिजर्व 1.98 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 688.13 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।
लगातार आठवें हफ्ते बढ़ा रिजर्व
इससे पहले वाले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 8.31 अरब डॉलर की जोरदार बढ़त देखी गई थी, जिससे कुल भंडार 686.14 अरब डॉलर तक पहुंच गया था। यह लगातार आठवां सप्ताह है, जब भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हुआ है, जो देश की आर्थिक स्थिरता और वैश्विक निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।
FCA में 2.17 अरब डॉलर की बढ़त
RBI के अनुसार, फॉरेन करेंसी एसेट्स (FCA), जो कुल भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा होता है, 2.17 अरब डॉलर बढ़कर 580.66 अरब डॉलर हो गया। FCA में डॉलर के साथ-साथ यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य विदेशी मुद्राओं की वैल्यूएशन का भी असर होता है। इसका मतलब है कि अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में उतार-चढ़ाव का सीधा असर FCA पर पड़ता है।
सितंबर 2024 में बना था ऑल-टाइम हाई
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार सितंबर 2024 में 704.89 अरब डॉलर के साथ अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। मौजूदा आंकड़े उस स्तर से कुछ नीचे जरूर हैं, लेकिन लगातार हो रही वृद्धि यह संकेत देती है कि देश की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
आर्थिक स्थिरता को मिलेगी मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि फॉरेक्स रिजर्व में यह बढ़त भारत को वैश्विक आर्थिक अस्थिरता से सुरक्षित रखने में मदद करेगी। इसके अलावा रुपये की मजबूती और आयात खर्चों को मैनेज करने में भी यह भंडार अहम भूमिका निभाएगा।
0 comments:
Post a Comment