बिहार में जल्द दस्तक देगा मानसून: भारी बारिश की चेतावनी!

पटना: बिहार में गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। अगले 24 से 48 घंटे के भीतर मॉनसून राज्य में दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग ने इसकी पुष्टि करते हुए सीमांचल के जिलों — पूर्णिया, अररिया और किशनगंज — में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र बना कारण

पूर्णिया मौसम केंद्र के वैज्ञानिक वीरेंद्र झा के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र मॉनसून को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। साथ ही, जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान के पास बना पश्चिमी विक्षोभ भी इसमें सहायक बना है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के चलते मॉनसून तेज रफ्तार से उत्तर-पूर्व भारत की ओर बढ़ रहा है और अब यह सिक्किम तक पहुंच चुका है।

किशनगंज के रास्ते होगा बिहार में प्रवेश

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मॉनसून किशनगंज के रास्ते अगले 24 से 48 घंटों में बिहार में प्रवेश कर सकता है। इस दौरान सीमांचल के जिलों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में ऑरेंज अलर्ट के तहत चेतावनी जारी की गई है।

हवा की रफ्तार 50 किमी/घंटे तक

इन जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी/घंटे तक हो सकती है। साथ ही, आकाशीय बिजली गिरने और पेड़ या बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाओं की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

तापमान में गिरावट से संकेत

गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिसे मॉनसून की सक्रियता का संकेत माना जा रहा है। बादलों की गड़गड़ाहट और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत दी है।

0 comments:

Post a Comment