यूपी के सभी 75 जिलों में आज से शुरू होगा ये काम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। 2026 में प्रस्तावित पंचायत चुनावों के मद्देनज़र प्रदेश भर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया आज, 19 अगस्त से प्रारंभ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान आगामी 29 सितंबर तक चलेगा।

क्या है मतदाता पुनरीक्षण अभियान?

मतदाता पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पंचायत चुनावों के लिए जो मतदाता सूची तैयार की जा रही है, वह सटीक और अद्यतन हो। इसके तहत बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर नाम, पता, आयु और लिंग से जुड़ी जानकारियों का सत्यापन करेंगे। साथ ही, जो नागरिक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, उनके नाम भी इस नई सूची में शामिल किए जाएंगे।

प्रदेश भर में व्यापक तैयारी

राज्य निर्वाचन आयोग ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। सभी जिलों के डीएम (जिलाधिकारी) और जिला निर्वाचन अधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं। निर्वाचक निबंधन अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारी की नियुक्ति भी की जा चुकी है, जो इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

अंतिम सूची का प्रकाशन और आगामी चुनाव

मतदाता पुनरीक्षण अभियान के समाप्त होने के बाद, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को किया जाएगा। यही सूची त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए आधार बनेगी।

उत्तर प्रदेश में नागरिकों से किया गया है अपील

प्रशासन और निर्वाचन आयोग ने आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। यदि किसी का नाम सूची में नहीं है या किसी विवरण में त्रुटि है, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर इसे सुधरवाया जा सकता है। साथ ही 1 जनवरी 2025 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता भी इस प्रक्रिया में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment