यूपी सरकार का बड़ा ऐलान, गांव-गांव चलेगा विशेष अभियान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गरीबों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान राज्य के हर गांव तक पहुंचेगा और पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति राशन से वंचित न रह जाए।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में सरकार विशेष रूप से उन गरीबों को चिन्हित कर रही है, जो अब तक किसी कारणवश योजनाओं से वंचित रह गए थे। अभियान के तहत पात्र लोगों को राशन कार्ड जारी किया जा रहा है ताकि उन्हें मुफ्त खाद्यान्न का लाभ मिल सके।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक प्रदेश में 3.16 करोड़ से अधिक सामान्य राशन कार्ड और 40.73 लाख अंत्योदय राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इस योजना से करीब 15 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं। राशन कार्ड वितरण में प्रयागराज जिला शीर्ष स्थान पर है। यहां अब तक 9,34,677 सामान्य राशन कार्ड जारी किए गए हैं, जिनसे 40,29,226 लाभार्थी लाभ उठा रहे हैं।

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचेगा लाभ

राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर पात्र गरीब व्यक्ति तक राशन योजना का लाभ पहुंचे। इसके लिए गांव-गांव जाकर पात्रता की पहचान की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी जरूरतमंद को वंचित न रखा जाए और पात्रता जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए। 

यह विशेष अभियान राज्य की गरीबी उन्मूलन में एक मजबूत आधार बनकर उभरा है, जो न केवल खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम भी है। साथ ही इससे गरीब लोगों की परेशानी भी दूर होगी। इसको लेकर निर्देश दिए गए हैं।

0 comments:

Post a Comment