बिहार में बिछेगी तीसरी-चौथी रेल लाइन, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी!

न्यूज डेस्क।  बिहार के पूर्वी हिस्से में रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की योजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। किऊल से भागलपुर तक रेल नेटवर्क का विस्तार होने से यात्रियों के साथ मालगाड़ियों की आवाजाही को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

1,094 करोड़ रुपये से बिछेगी तीसरी रेल लाइन

जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर 52.81 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन बिछाने की योजना को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना पर करीब 1,094.53 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, जमालपुर-किऊल खंड में तीसरी लाइन से जुड़े सर्वे का काम भी आगे बढ़ रहा है। किऊल से जमालपुर तक चौथी रेल लाइन के लिए भी सर्वे कराया जा चुका है।

200 ट्रेनों के परिचालन का दबाव होगा कम

वर्तमान में भागलपुर, जमालपुर और किऊल के बीच प्रतिदिन करीब 200 यात्री और मालगाड़ियां चलती हैं। सीमित रेल लाइनों के कारण ट्रेनों के संचालन में कई बार इंतजार करना पड़ता है। नई लाइनें बनने से रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों के समय पर चलने में सुधार हो सकता है।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे की इन परियोजनाओं से माल ढुलाई तेज होने, उद्योगों तक सामान पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। योजना को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है, जबकि तीसरी रेल सुरंग से जुड़ी परियोजनाओं के लिए 2030 का लक्ष्य रखा गया है।

हालांकि, तीसरी रेल लाइन के निर्माण को गति देने के लिए भूमि अधिग्रहण समेत जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। परियोजनाएं पूरी होने के बाद पूर्व बिहार में रेल यात्रा और माल परिवहन पहले से अधिक सुगम हो सकता है।

0 comments:

Post a Comment