यूपी में फिर बदलेगा मौसम! बारिश और तेज हवाओं से बढ़ेगी हलचल, IMD ने दिया बड़ा अपडेट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। जहां सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस हो रही है, वहीं दिन में तेज धूप का असर बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

28 और 29 अक्टूबर को अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

इन जिलों में बारिश के आसार

28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर और बलिया सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।  इन जिलों में गरज चमक के भी आसार हैं, उसको लेकर अलर्ट जारी किया गया हैं।

वहीं, 29 अक्टूबर को भी पूर्वी यूपी के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, अयोध्या और आसपास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

पश्चिमी यूपी में भी बदल सकता है मौसम

पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और संभावित पश्चिमी विक्षोभ को मौसम में बदलाव की वजह बताया गया है।

0 comments:

Post a Comment