यूपी के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, भर्ती में TET हुआ अनिवार्य!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती से जुड़ा अहम अपडेट सामने आया है। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 17,740 पदों पर प्रस्तावित भर्ती के लिए पात्रता नियमों में बदलाव किया गया है। नए प्रावधानों के अनुसार, टीजीटी पदों पर आवेदन करने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करना अनिवार्य होगा।

TGT भर्ती के लिए बदले नियम

नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET पेपर-2 उत्तीर्ण करना होगा। इसके साथ संबंधित विषय में निर्धारित अंकों के साथ स्नातक या परास्नातक की डिग्री और बीएड की योग्यता भी जरूरी होगी। शारीरिक शिक्षा के पदों के लिए बीपीएड या बीपीई की डिग्री मान्य होगी। वहीं, कंप्यूटर विषय को भी भर्ती की नियमावली में शामिल किया गया है।

30 जून 2027 तक TET प्रमाणपत्र लेने का मौका

अभ्यर्थियों को तैयारी का अवसर देने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को आगामी TET परीक्षा जल्द आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, निर्धारित प्रावधान के तहत उम्मीदवारों को 30 जून 2027 तक TET प्रमाणपत्र हासिल करने का अवसर देने की बात कही गई है। नियुक्ति से पहले शैक्षणिक दस्तावेजों और TET प्रमाणपत्र का सत्यापन भी किया जाएगा। केवल चयन सूची में नाम आने से नियुक्ति का अधिकार नहीं मिलेगा।

इस बड़ी भर्ती में शिक्षामित्रों को भी मिली राहत

प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 11,508 सहायक अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत शिक्षामित्रों के लिए भी राहत की खबर है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में शिक्षामित्र अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 60 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, सामान्य अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 21 से 40 वर्ष रहेगी। आयु की गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी।

इस बदलाव से टीजीटी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब अपनी तैयारी के साथ TET की पात्रता पर भी ध्यान देना होगा। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले भर्ती विज्ञापन और आयोग की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों में पात्रता की शर्तें जरूर देखनी चाहिए।

0 comments:

Post a Comment