बिहार के सरकारी स्कूलों में 2 जून से 21 जून तक गर्मी की छुट्टी

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां इस वर्ष 2 जून से 21 जून तक निर्धारित की गई हैं। शिक्षा विभाग ने इस अवकाश को बच्चों के लिए अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में एक अनूठा कदम उठाया है। गर्मी की छुट्टी के दौरान राज्यभर में कक्षा 5 और 6 के गणित में कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष गणितीय समर कैंप का आयोजन किया जाएगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य है कि छुट्टियों में भी बच्चों की पढ़ाई जारी रहे और उनकी गणितीय समझ को और बेहतर किया जा सके। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत यह कैंप प्रथम संस्था के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। कैंप को गांव और टोला स्तर तक ले जाकर स्थानीय स्तर पर बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने का प्रयास किया जाएगा।

सुबह-शाम दो शिफ्ट में होंगे कैंप

बच्चों की सुविधा को देखते हुए समर कैंप को दो शिफ्टों में चलाया जाएगा— सुबह 7 बजे से 9 बजे तक और शाम 5 बजे से 7 बजे तक। हर कैंप में लगभग 10 से 15 बच्चों को शामिल किया जाएगा ताकि व्यक्तिगत रूप से अधिक ध्यान दिया जा सके।

कौन देंगे गणित की शिक्षा?

समर कैंप में बच्चों को इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों, एनसीसी कैडेट्स, बिहार कौशल विकास मिशन से जुड़े कुशल युवा, डायट के प्रशिक्षु, शिक्षा सेवक, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य और प्रथम संस्था जैसे संगठनों के स्वयंसेवक गणित की शिक्षा देंगे। इसके अतिरिक्त, जीविका दीदी द्वारा प्रेरित स्थानीय युवा भी इस कैंप में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

असर टूल्स से होगा छात्रों का चयन

गणित में कमजोर छात्रों की पहचान असर टूल्स के माध्यम से की जाएगी। चयनित छात्रों को उनके गांव और टोले में स्वयंसेवकों द्वारा प्रतिदिन 1 से 1.5 घंटे की विशेष गणितीय ट्रेनिंग दी जाएगी।

सफल संचालन के लिए स्वयंसेवकों की बड़ी भूमिका

प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने सभी डीईओ (जिला शिक्षा पदाधिकारी) और डीपीओ (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी), समग्र शिक्षा को पत्र जारी कर समर कैंप के सफल संचालन के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं। पत्र में विशेष रूप से स्वयंसेवकों की बड़ी भूमिका का उल्लेख किया गया है और इसके लिए विभिन्न वर्गों से युवाओं की सहायता लेने को कहा गया है।

0 comments:

Post a Comment