बिहार के इन जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

पटना: बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने आगामी 14 से 18 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंधी, गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इस दौरान राज्य के उत्तर-मध्य, उत्तर-पश्चिम और दक्षिणी हिस्सों में गर्म और आर्द्र दिनों के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में हो सकती है मौसम की मार

किशनगंज, अररिया और सुपौल जिले विशेष रूप से मौसम के इस बदलाव से प्रभावित हो सकते हैं। यहां के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के निवासियों को सावधानी बरतने की अपील की है।

तापमान में गिरावट, लेकिन गर्मी का असर बरकरार

बीते 24 घंटों में पटना समेत राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान तीन डिग्री घटकर 39.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि मोतिहारी 41.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।

क्या है येलो अलर्ट?

येलो अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी की जाने वाली शुरुआती चेतावनी होती है, जो बताती है कि मौसम में संभावित बदलाव लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकते हैं। यह सामान्य सतर्कता के लिए होता है, जिससे लोग सुरक्षा उपाय पहले से अपना सकें।

नागरिकों के लिए सुझाव

बिजली चमकते समय खुले में न रहें।

पेड़ों के नीचे और खुले मैदान में शरण लेने से बचें।

तेज हवा चलने पर छतों, होर्डिंग्स और अस्थायी संरचनाओं से दूर रहें।

मौसम अपडेट के लिए आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेते रहें।

0 comments:

Post a Comment