भारत को मिलेगी नई ताकत: यूपी में बनेगी विश्व की सबसे तेज़ मिसाइल

लखनऊ। भारत की रक्षा ताकत को एक नई उड़ान मिलने जा रही है, और इसकी शुरुआत हो रही है उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से। यहां 11 मई से अत्याधुनिक और दुनिया की सबसे तेज़ सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल 'ब्रह्मोस' के निर्माण की शुरुआत हो रही है। इस ऐतिहासिक मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ब्रह्मोस एयरोस्पेस के अत्याधुनिक उत्पादन केंद्र का उद्घाटन करेंगे।

भारत के सामरिक शक्ति में जुड़ेगा नया अध्याय

भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच यह कदम देश की सुरक्षा तैयारियों को अभूतपूर्व मजबूती देगा। ब्रह्मोस मिसाइल को दुनिया की सबसे तेज़ क्रूज मिसाइलों में गिना जाता है, जिसकी रफ्तार 2.8 से 3 माक तक होती है। अब इसका उत्पादन उत्तर प्रदेश में होगा, जिससे भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बनाएगी।

300 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक प्लांट

लखनऊ के ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्लांट को 300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह संयंत्र सिर्फ यूपी ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए सामरिक दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा। यह यूनिट देश की ‘आत्मनिर्भर भारत’ नीति को भी मजबूती प्रदान करेगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस परियोजना के लिए 80 हेक्टेयर भूमि मुफ्त में उपलब्ध कराई है।

इस प्लांट में हज़ारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

ब्रह्मोस प्लांट से सीधे तौर पर 500 इंजीनियर और कर्मचारी रोजगार पाएंगे, जबकि हज़ारों कुशल और अर्ध-कुशल श्रमिकों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलेगा। इसके साथ ही, यह प्लांट रक्षा औद्योगिक गलियारे में नए उद्योगों को आकर्षित करेगा, जिससे उत्तर प्रदेश एक प्रमुख डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब बन सकेगा।

ब्रह्मोस-NG से बढ़ेगी मारक क्षमता

लखनऊ में बनने वाली ब्रह्मोस नेक्स्ट जनरेशन (NG) मिसाइलें आकार में छोटी लेकिन क्षमता में कहीं अधिक घातक होंगी। ये मिसाइलें कम वजन और अधिक गतिशीलता के कारण भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना की रणनीतिक क्षमता में जबरदस्त इजाफा करेंगी।

0 comments:

Post a Comment