यूपी में जल्द दस्तक देगी प्री-मानसून, आएगी बारिश!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में जल्द ही प्री-मानसून की दस्तक होने जा रही है। अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के चलते राज्य के कई इलाकों में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ धूप कुछ नरम दिखी, लेकिन बढ़ती उमस ने लोगों को परेशान किया।

केंद्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे, जबकि गरज-चमक और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। शनिवार को खास तौर पर कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं।

तापमान और नमी के आंकड़े:

सीएसए मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वातावरण में नमी का स्तर सामान्य से अधिक देखा गया। अधिकतम नमी 55 प्रतिशत और न्यूनतम 33 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि सामान्यतः यह 40 प्रतिशत के करीब रहती है। दक्षिण-पश्चिम दिशा से करीब 3.5 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

मौसम विज्ञानी डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय का कहना है कि अगले पांच दिनों में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक और धूल भरी आंधी भी देखने को मिल सकती है।

कब होगी राहत:

हालांकि यह अभी प्री-मानसून की शुरुआत मानी जा रही है, लेकिन इससे तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद है। उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को इससे कुछ राहत मिल सकती है। जून के मध्य तक मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment