यूपी में महिलाओं को बड़ा तोहफा, जमीन खरीदने पर भारी छूट!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को स्टांप एवं निबंधन विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं को रजिस्ट्री शुल्क में दी जा रही छूट को और अधिक व्यापक बनाया जाए।

अब 1 करोड़ रुपये तक की रजिस्ट्री पर मिलेगी छूट

मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि वर्तमान में महिलाओं को 10 लाख रुपये तक की संपत्ति रजिस्ट्री पर एक प्रतिशत स्टांप शुल्क की छूट दी जा रही है। इस सीमा को बढ़ाकर एक करोड़ रुपये तक करने पर विचार किया जाए। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो यह महिलाओं के लिए आवास और संपत्ति खरीद को अधिक सुलभ और किफायती बना देगा।

महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, "यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगा और उन्हें परिवार की संपत्ति में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।" इससे न केवल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि समाज में महिला स्वामित्व वाली संपत्तियों की संख्या में भी वृद्धि होगी।

स्टांप शुल्क में छूट से घर खरीदना होगा आसान

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि एक करोड़ रुपये तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में एक प्रतिशत की छूट मिलती है, तो महिलाओं को लगभग 1 लाख रुपये तक की बचत हो सकती है। यह छूट खासकर मध्यमवर्गीय महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी, जो पहली बार घर या जमीन खरीद रही हैं।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

यह प्रस्ताव ऐसे समय में सामने आया है जब सरकार राज्य में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के विभिन्न कार्यक्रमों पर तेजी से काम कर रही है। महिला सुरक्षा, स्वरोज़गार, शिक्षा और स्वास्थ्य के बाद अब सरकार ने संपत्ति स्वामित्व में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की पहल की है।

0 comments:

Post a Comment