मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 9 मार्च से 10 मार्च के बीच उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। इन क्षेत्रों में बादल गरजने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है उनमें सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल हैं। इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है।
कुछ अन्य जिलों में भी बदल सकता है मौसम
इसके अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और बेगूसराय में भी मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इन जिलों में बादल छाने, हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली गिरने के खतरे से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने काम की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

0 comments:
Post a Comment