जानकारी के अनुसार इस नई ब्रॉडगेज रेल लाइन की कुल लंबाई लगभग 27.28 किलोमीटर होगी। इसके निर्माण पर करीब 428 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक परियोजना का अंतिम सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और अब निर्माण कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
नगला गोकुल के पास से गुजरेगी रेल लाइन
फाइनल सर्वे के अनुसार प्रस्तावित रेल लाइन एटा रेलवे स्टेशन के पास स्थित नगला गोकुल गांव के करीब से होकर गुजरेगी। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने निर्माण के लिए निर्धारित स्थानों को चिन्हित भी कर दिया है। कई जगहों पर पीले पोल लगाकर जमीन को चिह्नित किया गया है ताकि आगे की प्रक्रिया आसान हो सके।
दो साल में पूरा करने का लक्ष्य
रेलवे ने इस परियोजना को दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यह योजना केंद्र सरकार की गतिशक्ति योजना के तहत विकसित की जा रही है, जिसका उद्देश्य देश में बेहतर कनेक्टिविटी और तेज विकास सुनिश्चित करना है।
कई प्रमुख रेल मार्गों से होगा जुड़ाव
एटा-कासगंज रेल लाइन बनने के बाद यह क्षेत्र कई प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ जाएगा। इससे मथुरा-हाथरस-बरेली और फर्रुखाबाद-कानपुर रेल खंड से सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
अप्रैल से मई तक चलेगी टेंडर प्रक्रिया
पूर्वोत्तर रेलवे ने इस परियोजना से जुड़े सिविल निर्माण, ट्रैक बिछाने, विद्युतीकरण, टेलीकॉम और सिग्नलिंग कार्यों के लिए संयुक्त निविदाएं जारी की हैं। इच्छुक एजेंसियां 27 अप्रैल से 11 मई के बीच अपनी बिड जमा कर सकेंगी। इसके बाद 26 मई को टेंडर खोले जाएंगे और चयनित एजेंसी को निर्माण कार्य सौंपा जाएगा।

0 comments:
Post a Comment