आसान भाषा में नया टैक्स सिस्टम
नया कानून पुराने आयकर अधिनियम 1961 की जगह लेगा, जो करीब 60 साल पुराना था। इसमें किसी नई टैक्स दर को लागू नहीं किया गया है, बल्कि जटिल प्रावधानों और कठिन भाषा को सरल बनाया गया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि धाराओं की संख्या 819 से घटाकर 536 कर दी गई है और अध्याय 47 से घटाकर 23 कर दिए गए हैं। इससे आम लोगों के लिए कानून समझना आसान होगा।
HRA पर क्या है नया नियम?
वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए मकान किराया भत्ता (HRA) से जुड़ी छूट जारी रहेगी, लेकिन इसमें कुछ नए प्रावधान जोड़े गए हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, पुणे, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में रहने वाले लोग अपने वेतन का 50% तक HRA छूट ले सकेंगे, जबकि अन्य शहरों में यह सीमा 40% ही रहेगी।
अब देना होगा मकान मालिक का पूरा विवरण
नए नियमों के तहत HRA छूट लेने के लिए किरायेदार को अपने मकान मालिक के साथ संबंधों का पूरा खुलासा करना होगा। इसका उद्देश्य फर्जी दावों को रोकना और टैक्स सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ाना है।
निवेश और लेनदेन पर सख्ती
नए नियमों में पूंजीगत लाभ, शेयर बाजार के लेनदेन और अनिवासी कराधान को लेकर नियम और कड़े किए गए हैं। साथ ही, टैक्स से जुड़े फॉर्म और प्रक्रियाओं को भी सरल बनाने की कोशिश की गई है। 150 से ज्यादा नए फॉर्म पेश किए गए हैं।
ऑडिट और जवाबदेही बढ़ी
अब टैक्स ऑडिट करने वाले पेशेवरों और कंपनियों की जिम्मेदारी भी बढ़ा दी गई है। विदेशी आय पर टैक्स क्रेडिट, पैन के डुप्लीकेशन और ऑडिट में गड़बड़ी जैसे मामलों में सख्त निगरानी रखी जाएगी।
क्या होगा आम आदमी पर असर?
इन बदलावों का सीधा असर आम करदाताओं की जेब पर पड़ सकता है। जहां एक ओर नियम सरल होने से टैक्स फाइल करना आसान होगा, वहीं दूसरी ओर सख्ती बढ़ने से गलत जानकारी देने पर परेशानी भी बढ़ सकती है।

0 comments:
Post a Comment