मानसून के बाद शुरू होगा निर्माण
फिलहाल इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि एजेंसी का चयन जल्द पूरा हो जाएगा, जिसके बाद जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रक्रिया पूरी होते ही मानसून के बाद, यानी सितंबर-अक्टूबर के आसपास निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है।
9 किलोमीटर लंबी बनेगी सड़क
इस परियोजना के तहत कन्हौली से शेरपुर तक लगभग 9 किलोमीटर लंबी छह लेन सड़क बनाई जाएगी। यह सड़क पटना रिंग रोड का अहम हिस्सा होगी, जिसका मकसद शहर के अंदर वाहनों के दबाव को कम करना है।
777 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
इस सड़क परियोजना की अनुमानित लागत करीब 777 करोड़ रुपये रखी गई है। इस खर्च को केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वहन करेंगी। पहले फंडिंग को लेकर कुछ दिक्कतें थीं, लेकिन अब दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद परियोजना को हरी झंडी मिल गई है।
बेहतर कनेक्टिविटी का मिलेगा फायदा
यह सड़क कई अहम क्षेत्रों को जोड़ने का काम करेगी। खासतौर पर सारण और वैशाली जैसे जिलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा यह सड़क प्रमुख पुलों और मार्गों से भी जुड़ेगी, जिससे आरा, बक्सर और गया जैसे शहरों तक यात्रा आसान हो जाएगी।

0 comments:
Post a Comment