किन इलाकों में कब बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च को उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा। सीमांचल और कोसी क्षेत्र के साथ-साथ भागलपुर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में बादल छाने, बिजली चमकने और रुक-रुक कर बारिश होने की स्थिति बन सकती है।
वहीं, 22 मार्च को मौसम का असर राज्य के मध्य और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों की ओर बढ़ेगा। पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद और आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 23 और 24 मार्च को मौसम के सामान्य होने के संकेत हैं। ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रह सकता है, जबकि कुछ जगहों पर हल्के बादल बने रहेंगे।
तेज हवाएं और वज्रपात को लेकर चेतावनी
IMD ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही वज्रपात (बिजली गिरने) का भी खतरा बना रहेगा, जो खासकर खुले इलाकों में मौजूद लोगों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को भी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, ताकि तेज हवा और बारिश से नुकसान कम हो।

0 comments:
Post a Comment