ममता बनर्जी vs बीजेपी: किसके हाथ लगेगी बंगाल की सत्ता? क्या कहते हैं सर्वे और आंकड़े?

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और एक बार फिर मुकाबला बेहद दिलचस्प होता नजर आ रहा है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी टक्कर ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है।

इस बार बंगाल विधानसभा का चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। इस बार कम चरणों में चुनाव होने से राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। ऐसे में सवाल है की क्या बीजेपी बंगाल की सत्ता पर काबिज हो पायेगी या फिर ममता बनर्जी का ही राज्य रहेगा।

क्या कहते हैं सर्वे और आंकड़े?

हालिया ओपिनियन पोल्स के अनुसार, ममता बनर्जी अभी भी मुख्यमंत्री पद की पसंद में आगे नजर आ रही हैं। एक सर्वे में करीब 42 प्रतिशत लोगों ने उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा जताई है, जबकि बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी को अपेक्षाकृत कम समर्थन मिला है।

सीटों के अनुमान की बात करें तो तृणमूल कांग्रेस को बहुमत मिलने की संभावना जताई जा रही है, जबकि बीजेपी भी पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। यानी मुकाबला एकतरफा नहीं, बल्कि कड़ा रहने की उम्मीद है।

ममता बनर्जी की ताकत और चुनौतियां

ममता बनर्जी की सबसे बड़ी ताकत उनकी 'जमीनी नेता' की छवि और मजबूत जनाधार है। खासतौर पर महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी योजनाओं का असर दिखाई देता है। हालांकि उनके सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के आरोप और लंबे समय तक सत्ता में रहने से पैदा हुई एंटी-इंकम्बेंसी उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं।

बीजेपी की रणनीति और कमजोरियां

बीजेपी इस चुनाव में बदलाव के मुद्दे को केंद्र में रखकर मैदान में उतरी है। पार्टी कानून-व्यवस्था, घुसपैठ और विकास जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर रही है। लेकिन पार्टी की सबसे बड़ी कमजोरी एक स्पष्ट मुख्यमंत्री चेहरे का अभाव मानी जा रही है। इसके अलावा, वोटों का बिखराव भी बीजेपी की रणनीति को प्रभावित कर सकता है।

चुनावी समीकरण क्या कहते हैं?

राज्य की 294 सीटों पर होने वाले इस चुनाव में दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। जहां ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के लिए बड़ी जीत का लक्ष्य रखा है, वहीं बीजेपी इस बार सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है। ग्रामीण वोट, महिला मतदाता और युवा वर्ग ये तीन ऐसे फैक्टर हैं जो चुनावी नतीजों को निर्णायक रूप से प्रभावित कर सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment