सीएम योगी का नया फरमान: यूपी के सभी जिलों में लागू

गोरखपुर। होलिकोत्सव के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पहले की तरह सख्ती से लागू रहेगी। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

होली पर सुरक्षा व्यवस्था रहे चाक-चौबंद

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि होली के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि त्योहार सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है, इसे अराजक तत्वों द्वारा खराब नहीं होने दिया जाएगा।

अतिक्रमण हटाने और यातायात पर जोर

गोरखनाथ मंदिर में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित ढंग से स्थान दिया जाए ताकि आम जनता को परेशानी न हो। साथ ही वाहनों की पार्किंग तय स्थानों पर ही सुनिश्चित कराई जाए, जिससे जाम की समस्या न उत्पन्न हो। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं

मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब डेढ़ सौ लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर प्रकरण का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इलाज के लिए धन की कमी नहीं

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे किसी भी व्यक्ति को आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। यदि किसी के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, तब भी उसका इलाज कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

0 comments:

Post a Comment