UP में किसानों के लिए खुशखबरी: धान खरीद में नया रिकॉर्ड

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में किसानों के लिए इस खरीफ सीजन ने एक नई उपलब्धि दर्ज की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने 2025-26 के खरीफ क्रय सत्र में धान की खरीद का नया रिकॉर्ड बनाया। इस वर्ष सरकार ने 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा था, लेकिन किसानों से 62.30 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। 

इस खरीद के एवज में लगभग 14,886.35 करोड़ रुपये किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से तुरंत भुगतान किए गए। इस व्यवस्था ने न केवल बिचौलियों की भूमिका समाप्त की बल्कि किसानों को समय पर पैसा मिलने की सुविधा भी दी।

खरीद और भुगतान का विवरण

कुल किसानों की संख्या: 10,53,561

कुल धान खरीद: 62,30,735.63 मीट्रिक टन

कुल भुगतान राशि: 14,886.35 करोड़ रुपये

क्रय केंद्र: 4869

धान की खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही। सामान्य धान (कॉमन) की कीमत 2369 रुपये प्रति कुंतल और ग्रेड ए की कीमत 2389 रुपये प्रति कुंतल तय की गई थी। किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान करना इस साल की एक बड़ी उपलब्धि रही।

पंजीकरण और खरीफ प्रक्रिया

धान बिक्री के लिए कुल 12,82,892 किसानों ने पंजीकरण कराया। इस वर्ष ओटीपी आधारित सिंगल पंजीकरण प्रणाली लागू की गई थी, जिससे किसानों के लिए प्रक्रिया सरल और सुरक्षित रही। पश्चिम उत्तर प्रदेश और हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर जिलों में धान खरीद 31 जनवरी तक पूरी हुई, जबकि अन्य जिलों में यह प्रक्रिया 28 फरवरी तक समाप्त हुई।

पिछले वर्ष की तुलना में प्रगति

पिछले साल (2024-25) में उत्तर प्रदेश में 7,97,500 किसानों से 57,70,671 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था और 13,370.17 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ था। इस वर्ष न केवल खरीद और भुगतान में वृद्धि हुई है बल्कि किसानों तक पहुंचने वाली सुविधाओं में भी सुधार हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल ने किसानों के हित में एक नया मानक स्थापित किया है। समय पर भुगतान और पारदर्शी प्रक्रिया से राज्य के किसानों का भरोसा और आत्मविश्वास बढ़ा है।

0 comments:

Post a Comment