बिहार में 1 अप्रैल से बिजली सस्ती, शहरवासियों के लिए खुशखबरी

पटना।  बिहार के शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में 1 अप्रैल 2026 से बिजली दरों में बदलाव लागू होने जा रहा है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा। खासतौर पर शहरों में रहने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को अब पहले के मुकाबले कम दर पर बिजली उपलब्ध होगी।

राज्य के बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने बिजली दरों को लेकर अहम फैसला लेते हुए शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लागू दो स्लैब प्रणाली को खत्म कर दिया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों की तरह शहरों में भी एक समान दर पर बिजली दी जाएगी। इस बदलाव से उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट करीब 1.53 रुपये तक की राहत मिलेगी।

क्या है नया बदलाव?

अब तक शहरी क्षेत्रों में बिजली की दर दो हिस्सों में बंटी हुई थी। एक 100 यूनिट तक और दूसरा 100 यूनिट से अधिक खपत पर। अधिक खपत होने पर ज्यादा दर चुकानी पड़ती थी। लेकिन नए फैसले के बाद इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है, जिससे ज्यादा बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को सीधे लाभ मिलेगा।

मुफ्त बिजली योजना

राज्य में पहले से लागू योजना के तहत हर घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिल रही है। यह सुविधा आगे भी जारी रहेगी। हालांकि, शहरी क्षेत्रों में औसत खपत अधिक होने के कारण 125 यूनिट से ऊपर की खपत पर अब कम दर का सीधा फायदा मिलेगा।

व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी राहत

सिर्फ घरेलू ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी इस फैसले से फायदा मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कारोबारियों को प्रति यूनिट 42 पैसे की राहत मिलेगी, जबकि शहरी व्यावसायिक उपभोक्ताओं को लगभग 1.20 रुपये प्रति यूनिट तक सस्ती बिजली मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment