यूपी में 1 और एक्सप्रेसवे तैयार, 28 को उद्घाटन कर सकते हैं PM मोदी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब इसके उद्घाटन की तैयारी चल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण कर सकते हैं, हालांकि अंतिम मंजूरी का इंतजार है।

तेज और आसान होगा सफर

इस नए एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा बेहद आसान और तेज हो जाएगी। अब यह दूरी लगभग 45 मिनट में तय की जा सकेगी। वाहन चालक यहां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे, जिससे समय की बड़ी बचत होगी।

निर्माण कार्य लगभग पूरा

आपको बता दें की इस परियोजना के तहत उन्नाव क्षेत्र में लगभग 45 किलोमीटर और लखनऊ क्षेत्र में करीब 19 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसे जल्द से जल्द शुरू करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

टोल टैक्स कितना होगा?

इस एक्सप्रेसवे पर सफर के लिए वाहन चालकों को टोल देना होगा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक तरफ का टोल लगभग 275 रुपये और आने-जाने का कुल टोल करीब 415 रुपये हो सकता है। हालांकि, अंतिम दरें उद्घाटन के समय तय की जाएंगी।

किन वाहनों को मिलेगी अनुमति?

इस हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे पर केवल चार पहिया और बड़े वाहन ही चल सकेंगे। दोपहिया और तिपहिया वाहनों को इसमें प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, ताकि यातायात सुचारु और सुरक्षित बना रहे। एक्सप्रेसवे को विभिन्न प्रमुख मार्गों से जोड़ने के लिए खास इंटरचेंज बनाए गए हैं। इससे यात्रियों को अलग-अलग स्थानों से सीधे एक्सप्रेसवे पर चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाएगी।

0 comments:

Post a Comment