बिहार सरकार का फैसला: आज से नए समय पर खुलेंगे सरकारी स्कूल

पटना। बिहार में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। Bihar Education Department ने सभी सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं से सुरक्षित रखा जा सके। यह नई व्यवस्था 6 अप्रैल से लागू होकर 31 मई तक प्रभावी रहेगी।

सुबह जल्दी खुलेंगे स्कूल

नए निर्देशों के अनुसार अब राज्य के सरकारी स्कूल सुबह 6:30 बजे से संचालित होंगे और दोपहर 12:30 बजे तक पढ़ाई कराई जाएगी। दिन की शुरुआत प्रार्थना और अन्य गतिविधियों से होगी, जिसके बाद नियमित कक्षाएं लगेंगी। अंतिम घंटी के बाद करीब 12:20 बजे छात्रों की छुट्टी कर दी जाएगी।

शिक्षकों के लिए अलग समय

आपको बता दें की छात्रों की छुट्टी के बाद शिक्षकों के लिए लगभग 10 मिनट की बैठक रखी गई है। इस दौरान दिनभर की पढ़ाई की समीक्षा और अगले दिन की योजना बनाई जाएगी, जिससे शिक्षण प्रक्रिया को और बेहतर बनाया जा सके।

मिड-डे मील में भी बदलाव

गर्मी को ध्यान में रखते हुए मध्याह्न भोजन व्यवस्था में भी लचीलापन दिया गया है। जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या अधिक है, वहां भोजन को दो चरणों में कराया जा सकेगा। कुछ छात्र ब्रेक के दौरान खाना खाएंगे, जबकि बाकी छात्रों को अलग पीरियड में भोजन दिया जाएगा, ताकि भीड़ से बचा जा सके और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

स्थानीय स्तर पर निर्णय की छूट

जहां स्कूल दो शिफ्ट में चलते हैं, वहां समय निर्धारण का अधिकार जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया है। साथ ही जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय में बदलाव कर सकता है।

0 comments:

Post a Comment