बिहार में बिछेगी 36.4KM नई रेल लाइन, इन जिलों को खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। बिहार के रोहतास जिले के लिए ऐतिहासिक और लंबे समय से प्रतीक्षित खबर सामने आई है। रेलवे ने डेहरी-बंजारी रेल लाइन को फिर से शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पहले चरण में 36.4 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बनाई जाएगी। अनुमान है कि इसके निर्माण पर करीब 111.2 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

गौरवशाली इतिहास

यह रेल मार्ग पहली बार 1911 में डेहरी-रोहतास लाइट रेलवे (DRLR) के नाम से शुरू हुआ था। उस समय यह डालमियानगर की औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख आधार माना जाता था। खासतौर पर सीमेंट फैक्ट्री के लिए चूना पत्थर और कागज उद्योग के लिए बांस की ढुलाई इसी मार्ग से होती थी।

यात्रियों और माल ढुलाई में अहम

1913-14 में इस रेल लाइन पर हर साल करीब 50 हजार यात्री सफर करते थे, जबकि लगभग 90 हजार टन माल की ढुलाई होती थी। उस समय यह रेलखंड क्षेत्र की आर्थिक रीढ़ की तरह काम करता था।

लंबे समय तक रुकी, अब मिली रफ्तार

इस परियोजना को दोबारा शुरू करने की घोषणा 2008 में हुई थी, लेकिन कई साल तक यह फाइलों में ही अटकी रही। अब तक सर्वे और प्रारंभिक कार्यों पर 7 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं। 2024 में ‘टीम डेहरियांस’ के अध्यक्ष चंदन कुमार द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को ज्ञापन देने के बाद इस परियोजना को नई गति मिली और रेलवे ने इसे मंजूरी दे दी।

पर्यटन और विकास को मिलेगा बढ़ावा

रेल लाइन के शुरू होने से रोहतास जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। रोहतासगढ़ किला, तुतला भवानी मंदिर, रोहितेश्वर मंदिर, कशिश वॉटरफॉल और महादेव खोह जैसे स्थल अब अधिक पर्यटकों को आकर्षित कर सकेंगे।

रोजगार और उद्योग को मिलेगा नई दिशा

नई रेल लाइन से स्थानीय उद्योग और खनिज संसाधनों की ढुलाई में सुविधा होगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोग इससे लाभान्वित होंगे। इस परियोजना से रोहतास जिले की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों में नई ऊर्जा आएगी।

0 comments:

Post a Comment