बिहार में फिर बदलेगा मौसम! 11 जिलों में आंधी के साथ बारिश के आसार

पटना। बिहार में मॉनसून की विदाई से पहले मौसम ने अचानक करवट ली है। शनिवार सुबह पटना और आसपास के इलाकों में काले बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलीं। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में अगले दो से तीन घंटों के दौरान आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई है।

इन 11 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पटना, खगड़िया, दरभंगा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मुंगेर, लखीसराय और सारण में मौसम बिगड़ सकता है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

आंधी और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है।

दिन में गर्मी, रात में लोगों को राहत

राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, रात के तापमान में अपेक्षाकृत राहत मिलने से हल्की ठंड महसूस हो सकती है। मॉनसून की वापसी के बीच मौसम में इस तरह के बदलाव से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बाहर निकलने से पहले मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान जरूर देख लें।

0 comments:

Post a Comment