योगी सरकार का तोहफा, 755 ग्राम पंचायतों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गांवों को रोशन करने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की योजना को अब और विस्तार मिलने वाला है। मुख्यमंत्री ग्राम सौर योजना के तहत ऐसी 755 ग्राम पंचायतों को भी शामिल करने की तैयारी है, जो मौजूदा पात्रता शर्त पूरी नहीं कर पा रही थीं। सरकार ने इनके लिए न्यूनतम वार्षिक आय से जुड़े नियम में राहत देने का फैसला किया है।

1500 पंचायतों को जोड़ने का लक्ष्य

सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में प्रदेश की 1500 ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री ग्राम सौर योजना से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश में कुल 57,694 ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन अभी केवल 745 पंचायतें निर्धारित पात्रता पूरी कर रही हैं। इसी वजह से लक्ष्य पूरा करने के लिए पात्रता नियमों में बदलाव की जरूरत महसूस हुई।

25 हजार की आय की शर्त में राहत

योजना के तहत अभी उन ग्राम पंचायतों को पात्र माना जाता है, जिनकी सालाना आय कम से कम 25 हजार रुपये है। चयनित पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। कम आय वाली पंचायतों के लिए यह शर्त बड़ी बाधा बनी हुई थी। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ऐसी 755 पंचायतों को भी योजना का लाभ दिलाने के लिए न्यूनतम आय की शर्त में छूट देने के निर्देश दिए हैं।

गांवों में सोलर लाइट से बढ़ेगी रोशनी

इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट लगाकर गांवों की गलियों और सड़कों को रोशन करना है। आय मानक में राहत मिलने के बाद अधिक पंचायतों के योजना से जुड़ने का रास्ता साफ होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय रोशनी बढ़ने के साथ सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment