बिहार के 20 जिलों में बरसेंगे बादल, आंधी-बारिश को लेकर रहें सतर्क

पटना। बिहार में मानसून की विदाई के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। 9 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दिन 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 10 अक्टूबर से किसी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

इन 20 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 9 अक्टूबर को बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, अरवल और जहानाबाद में खराब मौसम की आशंका है।

इन इलाकों में बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए।

9 से 12 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?

पटना के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 9 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने की संभावना है। 10 अक्टूबर को अधिकतम तापमान बढ़कर 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री तक पहुंच सकता है।

11 अक्टूबर को भी तापमान लगभग 33 डिग्री अधिकतम और 23 डिग्री न्यूनतम रहने का अनुमान है। इसके बाद 12 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

12 अक्टूबर तक बढ़ सकती है गर्मी

पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 अक्टूबर को पटना में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। हालांकि, दोपहर या शाम के समय आसमान में आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं। कुल मिलाकर, 9 अक्टूबर को आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना के बाद अगले दिनों में मौसम अपेक्षाकृत साफ हो सकता है। साथ ही, तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

0 comments:

Post a Comment