यूपी सरकार का फैसला, आंगनबाड़ी वर्कर्स के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए अहम फैसला लिया है। अब उन्हें साल में दो के बजाय तीन साड़ियां दी जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में तीसरी साड़ी देने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।

3.80 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ

इस फैसले से प्रदेश की कुल 3,80,290 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को फायदा पहुंचेगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के मुताबिक, राज्य में 1,90,145 आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत हैं। प्रत्येक केंद्र के लिए एक कार्यकत्री और एक सहायिका का पद मंजूर है।

तीसरी साड़ी का खर्च उठाएगी सरकार

फिलहाल केंद्र और राज्य की 60:40 की हिस्सेदारी वाली योजना के तहत हर साल दो साड़ियां उपलब्ध कराई जाती हैं। अब अतिरिक्त यानी तीसरी साड़ी का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार वहन करेगी। इसके लिए प्रति साड़ी 500 रुपये तय किए गए हैं। इस व्यवस्था पर सरकार करीब 19.02 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

काम के दौरान मिलेगी राहत

आंगनबाड़ी कर्मियों को ड्यूटी के समय तय वेशभूषा पहननी होती है। रोजाना इस्तेमाल, साड़ी धोने, मौसम की परेशानी या कपड़ा अचानक गंदा अथवा खराब हो जाने जैसी स्थितियों में अतिरिक्त साड़ी उपयोगी होगी। सरकार के इस फैसले से उन्हें काम के दौरान कपड़ों को लेकर कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

बच्चों और महिलाओं तक सेवाएं

प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए छह महीने से छह साल तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को अनुपूरक पोषण उपलब्ध कराया जाता है। आकांक्षात्मक जिलों में 14 से 18 वर्ष की किशोरियों को भी यह सुविधा दी जाती है। इन योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

0 comments:

Post a Comment