बिहार सरकार का बड़ा फैसला: BDO को मिलेगी नई गाड़ी

पटना: बिहार सरकार ने राज्य में विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन और निगरानी को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को नई सरकारी गाड़ियाँ उपलब्ध कराने का निर्णय लेते हुए शनिवार को पटना स्थित ऊर्जा स्टेडियम में भव्य उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने राज्य के 422 प्रखंडों को नई गाड़ियाँ सौंपीं।

यह पहल प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान जैसे महत्त्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन को और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से की गई है। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “नई गाड़ियों से बीडीओ को योजना कार्यान्वयन, निरीक्षण और निगरानी में सुविधा होगी, जिससे योजनाओं की रफ्तार और गुणवत्ता दोनों बेहतर होंगी।”

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 बीडीओ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रखंडों में विभूतिपुर, वैशाली, ठाकुरगंज, पंडौल, बेनीपुर, गोगरी, रफीगंज, छातापुर, रून्नीसैदपुर और मंझौलिया शामिल हैं। वहीं, विभाग स्तर पर उल्लेखनीय सेवा देने वाले आठ सरकारी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में प्रशंसनीय योगदान देने वाले 38 बीडीओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

15 साल पुराने वाहनों की जगह अब नई गाड़ियाँ

ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि बीडीओ को आखिरी बार वर्ष 2008-09 में वाहन दिए गए थे, जो अब 15 वर्ष से अधिक पुराने हो चुके हैं। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने सभी प्रखंडों को चरणबद्ध तरीके से नए वाहन देने का निर्णय लिया। पहले चरण में 1 मार्च को 112 प्रखंडों को गाड़ियाँ उपलब्ध कराई गई थीं। दूसरे चरण में अब तक 388 प्रखंडों को वाहन दिए जा चुके हैं। शेष 34 प्रखंडों को भी एक सप्ताह के भीतर गाड़ियाँ सौंप दी जाएंगी।

0 comments:

Post a Comment