बड़े बकायेदारों को नोटिस, कटेगा कनेक्शन
शक्ति भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को गोला और नवाबगंज, गोंडा क्षेत्र में बिजली बिलों की जांच करने को कहा गया। साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में 10 बड़े बकायेदारों की पहचान कर नियमानुसार नोटिस जारी करने और उनसे संपर्क करके बकाया राशि वसूलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नियमों के अनुसार काटने की कार्रवाई की जा सकती है।
कम वसूली वाले क्षेत्रों पर विभाग की नजर
बैठक में बिजली आपूर्ति पर होने वाले खर्च के मुकाबले कम राजस्व वसूली वाले क्षेत्रों में सुधार करने पर जोर दिया गया। जिन इलाकों में प्रति यूनिट वसूली पांच रुपये से कम है, वहां अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए। सहारनपुर में थ्रू रेट 1.71 रुपये प्रति यूनिट होने पर नाराजगी जताई गई। वहीं, मुरादाबाद में राजस्व संग्रह कम रहने पर भी अधिकारियों से प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
गलत बिजली बिलों की होगी जांच
बिजली विभाग ने उपभोक्ता सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बिल सुधार की प्रक्रिया पर भी ध्यान दिया है। सभी वितरण निगमों के प्रबंध निदेशकों (एमडी) को हर सप्ताह खुद सात से दस बिजली बिलों की औचक जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि बिल में गड़बड़ी मिलती है, तो संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उपभोक्ताओं को सही बिल मिले और गलत बिल जारी होने पर समय पर सुधार किया जाए। शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण नहीं होने पर जवाबदेही भी तय की जाएगी।

0 comments:
Post a Comment