यूपी में बिगड़ेगा मौसम, 20 जिलों में आंधी-बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। रविवार देर शाम कई जिलों में तेज़ हवाएं चलीं और हल्की बारिश ने दस्तक दी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 ज़िलों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। इस बदलाव से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में आंधी-बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, संतकबीरनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, वाराणसी, गाज़ीपुर, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली समेत कुल 20 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इन जिलों में बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश और हल्की से मध्यम आंधी के आसार हैं।

तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट संभव

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम के इस बदले मिजाज से जहां आम जनजीवन को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं किसानों को भी राहत मिलने की संभावना है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां हाल ही में भीषण गर्मी का प्रकोप था।

29 और 30 अप्रैल को भी रहेगा असर

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 29 और 30 अप्रैल को भी यूपी के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा, लेकिन वहां भी अगले कुछ दिनों में बदलाव की संभावना है।

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक का बयान

बीएचयू के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि, "प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। इसका असर तापमान पर साफ दिखाई देगा, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलेगी।"

0 comments:

Post a Comment