प्रेगनेंसी प्लान कर रही हैं? जानिए कब है कंसीव का बेस्ट टाइम

स्वास्थ्य डेस्क।

मां बनने का सपना हर महिला के जीवन का खास हिस्सा होता है। लेकिन सही समय पर प्रेग्नेंसी प्लान करना उतना ही जरूरी है, जितना कि इसकी तैयारी करना। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्भधारण (Conceive) करने के लिए महिला का फर्टाइल पीरियड यानी उपजाऊ समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। अगर आप भी मां बनने की सोच रही हैं, तो यह जानना बेहद जरूरी है कि आपका शरीर कब गर्भधारण के लिए सबसे ज्यादा तैयार होता है।

क्या होता है फर्टाइल पीरियड?

फर्टाइल पीरियड वो समय होता है जब महिला के अंडाशय से अंडाणु (Ovum) निकलता है, जिसे ओव्यूलेशन कहते हैं। यह समय आमतौर पर पीरियड्स शुरू होने के 10वें से 16वें दिन के बीच होता है, खासकर 28 दिनों के मासिक चक्र वाली महिलाओं में। ओव्यूलेशन के दौरान या उसके आस-पास संबंध बनाने से गर्भधारण की संभावना सबसे अधिक होती है।

कब बढ़ता है प्रेगनेंसी का चांस?

डॉक्टरों के अनुसार, ओव्यूलेशन से 5 दिन पहले और उसके एक दिन बाद तक का समय "फर्टाइल विंडो" कहलाता है। इस दौरान अगर शारीरिक संबंध बनाए जाएं, तो गर्भवती होने की संभावना 20% से 30% तक बढ़ जाती है।

डॉक्टरों की सलाह

गायनोकोलॉजिस्ट बताती हैं, "हर महिला का मासिक चक्र अलग होता है, इसलिए फर्टाइल पीरियड जानने के लिए ओव्यूलेशन ट्रैकिंग जरूरी है। साथ ही, हेल्दी लाइफस्टाइल, संतुलित आहार और तनाव से दूर रहना भी गर्भधारण में मदद करता है।"

0 comments:

Post a Comment