हवा के शेर: ये हैं दुनिया के 7 सबसे ताकतवर जेट

नई दिल्ली। आज की बदलती वैश्विक राजनीति और सुरक्षा की जटिल परिस्थितियों में किसी भी देश की सैन्य ताकत को मापने का एक महत्वपूर्ण पैमाना है उसकी वायुसेना, और खासतौर पर उसके फाइटर जेट्स। ये फाइटर जेट्स न सिर्फ दुश्मनों के लिए चेतावनी होते हैं, बल्कि रणनीतिक दबाव बनाने और रक्षा प्रणाली को मज़बूत करने में भी इनका अहम योगदान होता है। आइए नज़र डालते हैं दुनिया के 7 सबसे ताक़तवर और आधुनिक लड़ाकू विमानों पर, जिन्हें सही मायनों में 'हवा के शेर' कहा जा सकता है।

1. F-22 Raptor (अमेरिका)

अमेरिका का यह 5वीं पीढ़ी का स्टेल्थ फाइटर जेट दुनिया का पहला "सुपर क्रूज़" सक्षम विमान है, जो बिना आफ्टरबर्नर के भी सुपरसोनिक गति से उड़ सकता है। इसकी स्टेल्थ तकनीक, अविश्वसनीय गति और हवा से हवा में लड़ाई की क्षमता इसे दुनिया के सबसे घातक विमानों में शामिल करती है।

2. F-35 Lightning II (अमेरिका)

यह मल्टीरोल फाइटर जेट न सिर्फ हवा से हवा और हवा से ज़मीन तक हमले करने में सक्षम है, बल्कि यह एक अत्याधुनिक सेंसर फ्यूज़न सिस्टम से लैस है, जो इसे जासूसी, निगरानी और नेटवर्क युद्ध में भी अग्रणी बनाता है। इसके तीन वेरिएंट हैं, जो अलग-अलग तरह की रनवे और मिशन आवश्यकताओं को पूरा करते हैं।

3. Sukhoi Su-57 (रूस)

रूस का यह 5वीं पीढ़ी का स्टेल्थ फाइटर, सुपरमैन्युवरेबिलिटी और हाई-स्पीड एयर-टू-एयर मुकाबले के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स और एआई-आधारित सिस्टम लगे हैं, जो इसे भविष्य के युद्ध के लिए तैयार बनाते हैं।

4. Chengdu J-20 (चीन)

चीन का यह स्टेल्थ फाइटर जेट अपने उन्नत डिज़ाइन और लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता के लिए जाना जाता है। यह चीन की वायुसेना को अमेरिका और रूस के समकक्ष लाने की रणनीति का हिस्सा है।

5. Eurofighter Typhoon (यूरोप)

चार यूरोपीय देशों (जर्मनी, इटली, स्पेन और यूके) द्वारा संयुक्त रूप से विकसित यह फाइटर जेट अत्यंत तीव्र गति, उच्च तकनीकी सटीकता और नेटवर्क युद्ध क्षमताओं के लिए प्रसिद्ध है। यह 21वीं सदी के लिए पूरी तरह तैयार मल्टीरोल विमान है।

6. Dassault Rafale (फ्रांस)

इस फाइटर जेट को बहुउद्देशीय युद्धक विमान माना जाता है। यह हवा से हवा, हवा से ज़मीन और परमाणु हमलों की क्षमता रखता है। इसकी उड़ान क्षमता, हथियार प्रणाली और मल्टीरोल टेक्नोलॉजी इसे विश्व के टॉप फाइटर जेट्स में जगह दिलाती है। इसे भारत ने भी खरीदा हैं।

7. Boeing F-15EX (अमेरिका)

F-15 के नवीनतम संस्करण को अमेरिकी वायुसेना में शामिल किया गया है। यह भारी हथियार क्षमता और लंबी दूरी की हवाई लड़ाई में अपनी ताक़त के लिए मशहूर है। इसमें डिजिटल कॉकपिट, ओपन मिशन सिस्टम और एआई-सक्षम मिशन सॉफ़्टवेयर लगे हैं।

0 comments:

Post a Comment