बारिश से भीगा बिहार, तापमान में गिरावट
मंगलवार को मानसून के आगमन के साथ ही भागलपुर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, अरवल और छपरा में झमाझम बारिश हुई। हालांकि, मानसूनी बारिश का प्रभाव सबसे पहले और प्रमुख रूप से भागलपुर में देखने को मिला। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखा गया। अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, बांका और भागलपुर में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, किशनगंज और पश्चिमी चंपारण में अति भारी बारिश की आशंका भी व्यक्त की गई है।
मुंगेर, जमुई और खगड़िया के कुछ हिस्सों में भी मानसून पहुंच गया है और वहां भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। ठनका गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
पिछले वर्षों की तुलना में इस साल मॉनसून का हाल
अगर मानसून के इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में यह 12 जून को बिहार पहुंचा था, लेकिन उसके बाद यह रुक गया और 25 जून तक पूरे राज्य में फैला। वहीं 2024 में मानसून ने 20 जून को प्रवेश किया था और 28 जून तक पूरे राज्य में फैल पाया था। इस वर्ष मानसून अपेक्षाकृत जल्दी, 17 जून को ही बिहार पहुंच गया है और 18 जून तक इसके पूरे राज्य में फैलने की उम्मीद है।
0 comments:
Post a Comment