देश के 8 राज्यों में आंधी-तूफान की आशंका, अलर्ट हुआ जारी

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। एक ओर जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम का असर अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात के कुछ हिस्सों में 12 से 16 मार्च के बीच आंधी-तूफान और हल्की बारिश की आशंका जताई गई है। इसके लिए संबंधित इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना

राजधानी दिल्ली में आज मौसम थोड़ा बदला हुआ नजर आ सकता है। दिन के दौरान आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है और शाम के समय हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

पर्वतीय राज्यों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं। हिमाचल के कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत में भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में 15 मार्च तक मौसम नम और ठंडा बना रह सकता है।

बिहार और झारखंड में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 12 से 14 मार्च के बीच बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

गुजरात में आंधी-तूफान की आशंका

गुजरात के कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, कच्छ, वडोदरा, गांधीनगर, जामनगर, जूनागढ़, बनासकांठा, भरूच और भावनगर जैसे क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

असम में भारी बारिश की संभावना

उत्तर-पूर्व के राज्य असम में कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। गोलपारा, कामरूप, लखीमपुर, नागांव और शिवसागर जैसे क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा आसपास के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में बढ़ेगा तापमान

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दिन के समय तेज धूप पड़ने की संभावना है। आगरा, मथुरा, बरेली, कानपुर, लखनऊ, गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर, बस्ती, वाराणसी, रायबरेली और प्रयागराज जैसे शहरों में तापमान बढ़ सकता है। हालांकि शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment